संवाद न्यूज एजेेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के उभरते क्रिकेटर तन्मय चौधरी का चयन आगामी वीनू माकंड़ वनडे टूर्नामेंट 2026-27 के लिए दिल्ली की अंडर-19 टीम में हुआ है। अंतिम 16 खिलाड़ियों में जगह बनाने वाले तन्मय को सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरने का मौका मिल सकता है। ऐसी स्थिति में वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-पी3 स्थित आनंद आश्रय सोसाइटी निवासी तन्मय ने देवराज स्पोर्ट्स क्लब से क्रिकेट का प्रशिक्षण शुरू किया। वर्तमान में वह दिल्ली के बारहखंभा स्थित मॉडर्न स्कूल के छात्र हैं और स्कूल की क्रिकेट अकादमी में कोच नवीन चोपड़ा की निगरानी में अभ्यास करते हैं। उनके शुरुआती प्रशिक्षण में देवराज स्पोर्ट्स क्लब के कोच माहीपाल का भी योगदान रहा है।
विज्ञापन
कोच माहीपाल के अनुसार, तन्मय क्रिकेट को लेकर गंभीर हैं और बल्लेबाजी, फिटनेस के साथ मैच की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने पर लगातार मेहनत करते हैं। वह प्रतिदिन करीब आठ घंटे अभ्यास करते हैं। बल्लेबाजी के अलावा तन्मय ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
तन्मय ने कहा कि दिल्ली की अंडर-19 टीम में चयन उनके लिए गर्व की बात है। वह टूर्नामेंट में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। उनका लक्ष्य भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना और देश का प्रतिनिधित्व करना है। आर्यवीर सहवाग के साथ ओपनिंग का मौका मिलना उनके लिए अच्छा अनुभव होगा।