- पुणे में होने वाली राष्ट्रीय पूमसे चैंपियनशिप से पहले जिले के सात चयनित खिलाड़ी लेंगे विशेष प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। महाराष्ट्र के पुणे में 8 से 11 जुलाई तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो पूमसे प्रतियोगिता से पहले जिले के चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। इस शिविर में गुरुग्राम के सात खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, गति, संतुलन, फुर्ती और मानसिक तैयारी को और बेहतर बनाना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन कर सकें।
जिला ताइक्वांडो प्रशिक्षक मनोज कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यह प्रशिक्षण शिविर बेहद महत्वपूर्ण है। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को पुमसे की नई तकनीकों, सही बॉडी बैलेंस, फुटवर्क, टाइमिंग, लय और प्रस्तुति पर विशेष अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अभ्यास कराया जाएगा। प्रत्येक खिलाड़ी की तकनीकी कमियों का विश्लेषण कर उनमें सुधार कराया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता के दौरान वे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। शिविर में मैच जैसी परिस्थितियों में भी अभ्यास कराया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़े और वे दबाव की स्थिति में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान बनाया है। अब सभी खिलाड़ी पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि गुरुग्राम के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और हरियाणा का नाम रोशन करेंगे।