संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के तत्वावधान में आयोजित ताइक्वांडो छह वीक सर्टिफिकेट कोर्स की परीक्षा में बद्दी की लीजेंड्स मार्शल आर्ट अकादमी की सीनियर महिला कोच ममता कुंवर ने शानदार सफलता हासिल की। यह परीक्षा साई के नेताजी सुभाष दक्षिणी केंद्र (एनएससी) बेंगलुरु में आयोजित की गई थी। देशभर से पहुंचे ताइक्वांडो कोचों ने इस विशेष कोर्स में भाग लिया और प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक तकनीक, रणनीति, फिटनेस और खेल विज्ञान के नए गुर सीखे। कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर ममता कुंवर ने परीक्षा में सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न ताइक्वांडो कोचों, खिलाड़ियों और लीजेंड्स मार्शल आर्ट टीम के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।