नोएडा (संवाद)। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित 40वीं सब-जूनियर एवं 55वीं जूनियर राज्य तैराकी प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के तैराकों ने 10 स्वर्ण और 8 रजत पदक समेत कुल 21 पदक जीते। शार्वी वर्मा ने जूनियर वर्ग की 800 मीटर और 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते। और सान्वी बहरी ने इन्हीं दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए। सब-जूनियर वर्ग में अयान विष्णोई ने 50 मीटर और 200 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण तथा 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में रजत पदक जीता। मायरा गुप्ता ने 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण, जबकि 200 मीटर मेडले और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक हासिल किया। आध्या दिसवार ने 50 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि काश्वी चोपड़ा ने दोनों स्पर्धाओं में रजत हासिल किए। आरोही रॉय ने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 100 मीटर बटरफ्लाई में दो स्वर्ण पदक जीते। आध्या पांडे ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि आदित्री राय ने इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। जिला स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव सुरेश देशवाल ने कहा कि पहले दिन के प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों से पदकों की उम्मीद बढ़ गई हैं।