ग्रेटर नोएडा। सूरजुपुर कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर में बृहस्पतिवार को सीवर लाइन में उतरे सफाई कर्मी की दम घुटने से मौत हो गई। सफाई कर्मी को बचाने के प्रयास में दमकल कर्मी सुमेर सिंह भी चोटिल हो गया। मृतक के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार और साइट प्रभारी पर गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कराया है।
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार और एफएसओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे घरबरा गांव निवासी सफाई कर्मी कृष्ण कुमार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार नीरज के कहने पर बेगमपुर गांव में सीवर लाइन में सफाई करने उतरा था। इसी दौरान दम घुटने से वह बेहोश हो गया। सूचना पर पुलिस व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मी सुमेर सिंह सुरक्षा उपकरणों के साथ सीवर लाइन के मेनहोल में उतरा। कड़ी मशक्कत के बाद कृष्ण कुमार को बाहर निकाला। गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सूबे ने ठेकेदार नीरज और साइट प्रभारी जयप्रकाश पर बिना किसी सुरक्षा के कृष्णकुमार को मेनहोल में उतारने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया ठेकेदार समेत दो गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है।
सीवर की सफाई के लिए किया रोबोट का प्रचार
सफाई कर्मचारियों व परिजन का आरोप है कि ग्रेनो प्राधिकरण ने इसी तरह के हादसे रोकने के लिए रोबोट मंगाए थे और उनका खूब प्रचार प्रसार किया था। दावा किया गया था कि अब रोबोट मेनहोल व सीवर लाइन की सफाई करेंगे। इसके बावजूद कृष्ण को सीवर लाइन में उतारा गया और उसकी मौत हो गई।
500 रुपये के लिए गई जान
समाजसेवी सविता शर्मा ने बताया कि जीबीयू विवि से निकालने के विरोध में लंबे समय तक सफाई कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया था। आरोप है कि इस प्रदर्शन में कृष्ण कुमार भी शामिल था और वह बेरोजगार था। काम न होने के कारण मात्र पांच सौ रुपये के लिए कृष्ण को जान जोखिम में डालकर सीवर लाइन के मेनहोल में उतारा गया।