विद्यांत हिंदू पीजी काॅलेज के विवेकानंद सभागार में आयोजित गोष्ठी में उपस्थित अतिथि। स्रोत ः
लखनऊ। विश्व धर्म संसद में दिए गए स्वामी विवेकानंद के व्याख्यान व महात्मा गांधी के साउथ अफ्रीका में सत्याग्रह की याद में विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज में ''मानव सभ्यता का विकास—21वीं सदी'' विषय पर व्याख्यान माला हुई। समारोह का उद्घाटन रामकृष्ण मिशन के स्वामी मुक्तिनाथानंद ने किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमेशा मानव कल्याण पर जोर देते थे।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अध्यात्म, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान करें और मानव कल्याण तथा सभ्यता के विकास में भारत को शीर्ष स्थान दिलाने में योगदान दें। राज्य सूचना आयुक्त प्रो. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और नेताजी ने मानव सभ्यता के कल्याण के लिए जो मार्ग दिखाया, वही आज भी प्रासंगिक है। वैज्ञानिक प्रो. अमृतांशु शुक्ल ने कहा कि उन्हें स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी तीनों महापुरुषों को आदर्श मानते हुए पहली बार ऐसे कॉलेज में सम्मानित होने का सौभाग्य मिला, जिसका संबंध इन महान व्यक्तियों से जुड़ा है।
इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय, बाबा साहेब केंद्रीय विश्वविद्यालय, केकेसी, केकेबी, आईटी एवं महिला पीजी कॉलेज के शिक्षक और शोधार्थी भी उपस्थित थे।