-तिजारा मार्ग पर दो-तीन वर्ष पूर्व शुरु हुआ निर्माण अब तक नहीं हो सका पूरा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर के तिजारा मार्ग पर ताऊ देवीलाल पार्क के नाम से लगभग दो से तीन वर्ष पूर्व शुरू किया गया निर्माण कार्य आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। पार्क के नाम पर केवल मिट्टी डालकर और एक ट्रैक बनाकर औपचारिकता पूरी की गई है, जबकि वास्तविक निर्माण कार्य न के बराबर है। इस स्थिति को लेकर ताऊ देवीलाल के समर्थकों एवं स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भारी रोष और निराशा देखने को मिल रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह ताऊ देवीलाल का अपमान है।
मुख्य मार्ग के लेवल से नीचे बनाया जा रहा पार्क:
ताऊ देवीलाल समर्थकों का कहना है कि ताऊ देवीलाल पार्क के निर्माण को लेकर जो भी कार्य अभी तक किया गया है वह नाकाफी है, केवल खानापूर्ति करते हुए उसमें मिट्टी डाली गई है। आज भी पार्क सड़क के लेवल से नीचे है जिसे ऊंचा बनवाया जाए भविष्य में बरसात के दोनों में पानी भर जाने की पूरी संभावना है। जानकारों के अनुसार, संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को लेकर रनिंग बिल भी बनवा लिया गया है, जबकि मौके पर एस्टीमेट के अनुसार कोई कार्य दिखाई नहीं देता। इसको लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। समर्थकों का आरोप है कि जानबूझकर ताऊ देवीलाल के नाम से बनाए जा रहे पार्क के निर्माण में देरी की जा रही है।-
बोले नेता
इनेलो नेता हबीब हवन नगर, शमशुद्दीन गुमल, जेजेपी नेता नासिर हुसैन, राहुल जैन सहित इनेलो व जेजेपी के दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि ताऊ देवीलाल क्षेत्र के जननायक रहे हैं और उनके नाम से बनने वाले पार्क की यह दुर्दशा अस्वीकार्य है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की मनमानी और प्रशासन की उदासीनता के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ रहा।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
समर्थकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए और पार्क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर उसे एस्टीमेट के अनुसार पूरा कराया जाए। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में ताऊ देवीलाल की जयंती के अवसर पर फिरोजपुर झिरका में बड़े आयोजन की योजना है, ऐसे में पार्क का समय पर तैयार होना आवश्यक है।
वर्जन
पार्क के निर्माण कार्य को लेकर आर्किटेक्ट को हायर किया हुआ है आर्किटेक्ट के दिशा निर्देश पर ही ताऊ देवीलाल पार्क का निर्माण कार्य किया जाएगा। पार्क का कार्य को शीघ्र अति शीघ्र कराया जाएगा।
-राशिद खान, कार्यवाहक कनिष्ठ अभियंता फिरोजपुर झिरका।
वर्जन
तिजारा मार्ग पर ताऊ देवीलाल पार्क का निर्माण कार्य को लेकर नगर पालिका द्वारा टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों से सारी जानकारी लेकर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे अगर निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होता है तो ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लक्ष्मी नारायण, एसडीएम, फिरोजपुर झिरका।