नोएडा एयरपोर्ट पर डीजीसीए प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रक्रिया शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा एयरपोर्ट पर विमानों को उपलब्ध कराए जाने वाले ईंधन की आपूर्ति शुरू हो गई है। मंगलवार को एयरपोर्ट के लिए बनाए गए इंडियन ऑयल स्काई टैकिंग (आईओएसएल) फ्यूल फार्म तक पहली आपूर्ति की गई। इस दौरान सभी सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुरूप एयरपोर्ट के ‘वेट कमीशनिंग’ चरण की औपचारिक शुरुआत इंडियन ऑयल स्काई टैकिंग फ्यूल फार्म तक ईंधन की आपूर्ति से हो गई है। आईओएसएल अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया में फ्यूल स्टोरेज, ट्रांसफर और सेफ्टी सिस्टम की जांच वास्तविक परिस्थितियों में की गई। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने से पहले सभी मानक सुरक्षा और तकनीकी प्रोटोकॉल पूरी तरह से प्रभावी हैं। इस दौरान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह उपलब्धि एयरपोर्ट की विमान सेवा शुरू होने के करीब पहुंचने का महत्वपूर्ण संकेत है। आगामी महीनों में अन्य तकनीकी और सुरक्षा जांचें पूरी होने के बाद एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत की तैयारी अंतिम चरण में होगी।