संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित समर कैंप के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नई चीजें सीखीं और आनंददायक अनुभव प्राप्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुधा सिंह ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। इसके तहत बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल, कला और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। कैंप में विद्यार्थियों ने फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, स्केटिंग, ताइक्वांडो और तैराकी जैसी खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने खेल कौशल के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी अनुभव प्राप्त किया। इसके अलावा नृत्य, गायन, संगीत, कैनवस पेंटिंग, क्राफ्ट निर्माण, ग्लास पेंटिंग और पॉट डेकोरेशन जैसी गतिविधियों में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा उभरकर सामने आई।