सोशल मीडिया पर स्टंट का एक और वीडियो भी वायरल हो गया है
- फोटो : अमर उजाला
दो फॉच्यूर्नर कारों के बोनट पर चढ़कर खतरनाक स्टंट और बाइक को एक पहिये पर चलाने वाले युवक को कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रही दोनों कारों व बाइक को भी मोटर व्हीकल एक्ट में सीज किया है। सोशल मीडिया पर अधिक लाइक की चाहत में युवक ने स्टंट किए थे। वहीं, इस मामले में पुलिस कमिश्नर ने भी ट्वीट कर अभिभावकों को बच्चों पर ध्यान देने की अपील की है।
एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक दो कारों पर चढ़कर अभिनेता अजय देवगन की फिल्म फूल और कांटे की तर्ज पर स्टंट कर रहा था। रविवार को युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सोरखा निवासी राजीव के रूप में हुई है। राजीव के 15 सेकेंड और 10 सेकेंड के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जब इनकी जांच की गई तो पता चला कि दोनों राजीव के ही हैं। पूछताछ में पता चला कि राजीव सोशल मीडिया पर अधिक लाइक की चाहत में स्टंट करते हुए वीडियो बनवा रहा था। एडीसीपी ने कहा कि इस तरह के स्टंट करने से युवा खुद व दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं।
राजीव बोला- गलती हो गई, माफ कर दो
गिरफ्तारी के बाद राजीव पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा। वह थाने में पुलिस के सामने कहने लगा कि उससे गलती हो गई और उसे नहीं पता था कि यह अपराध है। अब आगे से ऐसा नहीं करूंगा। वह बार-बार पुलिस अधिकारियों से माफी मांगता रहा है।
अभिभावक भी दें ध्यान : पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से ट्विटर पर जानकारी दी गई कि गाड़ियों व बाइक पर खतरनाक स्टंट करने वाले राजीव को कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने लिखा कि कानून के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों पर ध्यान देना चाहिए। वेलडन नोएडा पुलिस।
कार का गेट खोलकर एक और वीडियो वायरल
अभी दो फॉच्यूर्नर कारों पर पैर रखकर स्टंट करने का मामला थमा भी नहीं था कि रविवार को आठ सेकेंड का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक युवक स्कॉर्पियो कार का गेट खोलकर तेज म्यूजिक पर स्टंट करता हुआ नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है कि यह वीडियो भी सोरखा गांव और पर्थला पुलिस चौकी के आसपास का है। इस मामले में एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो कहां का है। स्टंट कर रहे युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर कार जब्त की जाएगी।