- दूसरे दिन भी प्रिय शिक्षक को चुनने के लिए लगी रही लंबी कतारें
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अमर उजाला की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह का कारवां चल निकला है। छात्र अपने प्रिय शिक्षक को चुनने के लिए उत्साह के साथ वोटिंग कर रहे हैं। इसी के तहत शुक्रवार को जिले के आठ स्कूलों में वोटिंग हुई। सुबह 9.30 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई थी। वोटिंग के लिए स्कूलों में पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहां विद्यार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस पूरी प्रक्रिया में छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों में भी उत्साह देखने को मिला। नोएडा के महर्षि विद्या मंदिर, यश मेमोरियल, जागरण पब्लिक स्कूल, इंडियन नेशनल पब्लिक स्कूल और नवजीवन इंटर कॉलेज में वोटिंग हुई।
जागरण पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल दीपक सिन्हा ने कहा कि यह शिक्षकों के लिए बेहद अच्छी पहल है। अपने स्कूल का जिले स्तर पर प्रतिनिधित्व करना सौभाग्य की बात है। इस प्रक्रिया से बच्चों और शिक्षकों के बीच संबंध भी मधुर होंगे। महर्षि विद्या मंदिर के प्रिंसिपल उमेश सिंह सेंगर ने कहा, वोटिंग को लेकर छात्रों से लेकर शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह दिखा। पहले कभी विद्यार्थियों को शिक्षक चुनने का मौका नहीं मिला था। यश मेमोरियल स्कूल की प्रिंसिपल संध्या भारद्वाज ने कहा, अमर उजाला के प्रयास से स्कूल के बच्चों को वोटिंग कर अपना सर्वश्रेष्ठ शिक्षक चुनने का मौका मिला। इसके साथ ही बच्चों को वोट का महत्व भी समझ में आया।
इंडियन नेशनल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल विजेंद्र कुमार गुप्ता कहा, वोटिंग के बाद अंगुली पर लगे स्याही के निशान देखकर बच्चे बहुत ज्यादा उत्साहित दिखे। नवजीवन इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पुष्पेंद्र सिंह ने अमर उजाला के शिक्षक सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा, इससे न केवल छात्रों को प्रिय शिक्षक चुनने का मौका मिला है बल्कि शिक्षकों का भी मनोबल बढ़ेगा।
अपने प्रिय शिक्षक को अमर उजाला के मंच पर पहुंचाने के लिए वोट दिया। वैसे तो सभी शिक्षक अच्छे हैं। लेकिन इनमें से किसी एक को चुनना चुनौती भरा रहा।
शिवम, नवजीवन इंटर कॉलेज भंगेल
-
वोटिंग करना नया अनुभव रहा। वोटिंग ऑनलाइन हुई इससे पारदर्शिता भी रही। वोटिंग के बाद दिनभर कौन प्रिय शिक्षक बनेगा उस पर बातचीत होती रही।
खुशी, महर्षि विद्या मंदिर
हमेशा से सपना था कि मैं भी वोट करूं। आज यह भी पूरा हो गया। पसंदीदा शिक्षक को वोट देकर बड़ा अच्छा महसूस कर रहा हूं।
कार्तिक शर्मा, जागरण पब्लिक स्कूल
अब तक मैंने अपने माता पिता या फिर अपने बड़ों को ही वोट देने के लिए जाते देखा था। हर बार मन में ख्याल आता कि आखिर वोट होता क्या है और कैसे दिया जाता है। आज मैंने पहली बार अपने प्रिय शिक्षक के लिए वोट किया।
निशा, इंडियन नेशनल पब्लिक स्कूल
-
मम्मी-पापा हर चुनाव में वोट करने जाते हैं। उनसे मैं वोटिंग के बारे में पूछती थी। अमर उजाला शिक्षक संवाद एवं सम्मान समारोह में मुझे सर्वश्रेष्ठ शिक्षक चुनने के लिए वोट देने का मौका मिला। इसके लिए मैं अमर उजाला का धन्यवाद करती हूं।
आशी आर्य , यश मेमोरियल स्कूल