रामपुर बुशहर। महाविद्यालय रामपुर के रसायन शास्त्र विभाग के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को कौशल विकास भ्रमण का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने राजपुरा स्थित आईपीएच डिवीजन नोगली के जल शोधन संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पेयजल शोधन में अपनाई जाने वालीं विधियों और जल शोधन की प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया गया। बीएससी द्वितीय वर्ष और अंतिम वर्ष के छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया। डॉ. शिवाली ठाकुर ने जल शोधन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की वैज्ञानिक व्याख्या की। इस दौरान कॉलेज के रसायन शास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक अनिल चौहान और विकास शेखरी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।