नोएडा (संवाद)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सेक्टर-159 स्थित संत किशोरी शरण वेद विद्यालय, गुरुकुल में बुधवार को गुरु पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दिन की शुरुआत कर गुरु पूजन और गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान गुरु वंदना और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से गुरु-शिष्य का महत्व भी समझाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एलसि शर्मा ने कहा कि गुरु केवल पुस्तक ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन के अंधकार में सही मार्ग दिखाने वाले प्रकाश स्तंभ होते हैं। वहीं, आचार्य सुधांशु ने कहा कि सच्चा ज्ञान वही है जो इंसान को विनम्र बनाता है। उन्होंने अहंकार त्यागना और माता-पिता व गुरु की सेवा को जीवन का सर्वोच्च धर्म बताया।