तावडू। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला द्वारा आयोजित जिला स्तरीय स्किल महोत्सव मॉडल प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तावडू की छात्राओं ने पीसीए व ब्यूटी एंड वेलनेस में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विजेता छात्राएं अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजित सिंह ने बताया कि गत 6 दिसंबर को नूंह गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें जिले की 57 टीमों ने भाग लिया। इनमें ब्यूटी एंड वेलनेस की टीम में शामिल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आरती, कीर्ति व मीनाक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि पीसीए प्रतियोगिता की टीम में शामिल रुखसार, प्रीति, भारती व काजल ने दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में अब यह छात्राएं भाग लेंगी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राजपाल दहिया, भारत स्काउट गाइड के जिला संगठन आयुक्त ओम सिंह, दीपक धारीवाल, संतोषी ,पूनम व ख़दीजा बानो आदि स्टाफ ने विजेता छात्राओं को बधाई दी।