हॉस्टल से छात्र का लैपटॉप चोरी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित आइंस्टीन हाउस हॉस्टल में रहने वाले छात्र का लैपटॉप चोरी हो गया। छात्र ने नॉलेज पार्क कोतवाली में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार आर्यन सिंह आइंस्टीन हाउस हॉस्टल में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह 27 अप्रैल को अवकाश लेकर हॉस्टल से बाहर गए थे। 4 मई को वापस लौटे। जाने से पहले उन्होंने हॉस्टल वार्डन धर्म को अपनी निजी अलमारी का ताला टूटा होने की जानकारी दी थी लेकिन उसे ठीक कराने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनकी अनुपस्थिति के दौरान हॉस्टल प्रबंधन ने किसी अन्य छात्र को उनके कमरे में रहने की अनुमति दे दी थी। जब वह 4 मई को वापस लौटे तो उन्होंने पाया कि उनका लैपटॉप कमरे से चोरी हो चुका है। कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो