संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के उपलक्ष्य में वीरवार को राजकीय आईटीआई में समारोह करवाया गया। इस दौरान संस्कृति व तकनीक का महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम कुरुक्षेत्र की मातृभूमि सेवा मिशन की ओर से करवाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्यातिथि रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आईटीआई के विद्यार्थियों के मॉडल की प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम में मातृभूमि सेवा मिशन के आश्रम के बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दी। वहीं, विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर विभिन्न झांकियां व सांस्कृति प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में मातृभूमि सेवा मिशन संस्थापक डॉ. प्रकाश मिश्र ने विद्यार्थियों को गीता के आदर्श व शिक्षाओं के बारे जानकारी दी। मुख्यातिथि ने मातृभूमि सेवा मिशन को पांच लाख की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि आत्मनिर्भर की कल्पना को गीता के आदर्शों से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गीता हमें कर्म, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का संदेश देती है। आईटीआई प्राचार्य भूपेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान के साथ सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
कार्यक्रम में आईटीआई विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर अपनी तकनीकी व रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। ड्राफ्टमैन सिविल के विद्यार्थियों ने आईटीआई इमारत का विस्तृत नक्शा प्रस्तुत किया। वेल्डिंग ट्रेड ने मूवेबल टेबल, कॉर्नर स्टैंड व फ्लावर पॉट स्टैंड इत्यादि मॉडल प्रदर्शित किए।
पेंटिंग सेक्शन ने गीता व महाभारत पर आधारित आकर्षक कलाकृतियां दिखाई। सेविंग टेक्नोलॉजी ने डिजाइनर परिधानों व पैटर्न मेकिंग की उत्कृष्ट प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य दीपेश महेंद्रू, नाचरौन आईटीआई प्राचार्य सतीश जज, सरस्वती नगर आईटीआई भूपेंद्र कांबोज, संजय नरवाल, रमेश सैनी, अशोक त्यागी, गुरमेज सिंह सभी ट्रेडों के विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद आईटीआई के विद्यार्थी। संवाद