उधार सिगरेट देने से मना करने पर छात्रों ने दुकानदार का सिर फोड़ा
विज्ञापन
आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर पत्थरबाजी की, पुलिस ने दर्ज किया केस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-2 स्थित एच ब्लॉक मार्केट में रविवार रात उधार सिगरेट देने से मना करने पर छात्रों के एक गुट ने दुकानदार की पिटाई कर सिर फोड़ दिया। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर पत्थरबाजी की।
पत्थरबाजी का वीडियो सामने आने के बाद बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद समेत कई छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एच ब्लॉक मार्केट में निशांत के पिता की सिगरेट की दुकान है। रविवार शाम दुकान पर निशांत बैठा हुआ था। देर रात निमेश और आशीष नाम के दो छात्र दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में धुत थे। निमेश ने दुकान से सिगरेट ली और निशांत से कहा कि उसे उधारी के खाते में लिख दे। जब निशांत ने उधार देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने धमकी भरे लहजे में कहा कि अपने पिता से पूछ लो कि उनका उधार तो चलता है। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
विज्ञापन
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों छात्रों ने फोन कर अपने कई दोस्तों को बुला लिया। कार में सवार होकर 6 से अधिक युवक मौके पर पहुंच गए। सभी शराब के नशे में थे। छात्रों ने आते ही मारपीट कर सिर फोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने विरोध जताया तो आरोपियों ने सड़क पर ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। कई दुकानदारों ने डर के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।
मास कम्युनिकेशन के छात्र निकले आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है सभी युवक नोएडा के एक निजी विवि के ग्रेटर नोएडा कैंपस में मास कम्युनिकेशन कोर्स के छात्र बताए गए हैं। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार निशांत की शिकायत पर बिहार निवासी निमेश और आशीष समेत कई अज्ञात छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक दुकान खुलने के कारण कई बार शराब के नशे में छात्र मारपीट और हुड़दंग करते हैं। पुलिस से गश्त बढ़ाने के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है।