नोएडा। सोसाइटी में लड़को वे लड़की के बीच बवाल।
एओए ने छात्रों को फ्लैट खाली करने का दिया नोटिस
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसाइटी में बृहस्पतिवार देर रात छात्रों के बीच हुए विवाद से तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ छात्र कथित तौर पर नशे के प्रभाव में थे। उनकी आपसी कहासुनी देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। तेज आवाज और शोर सुनकर कई निवासी अपने फ्लैट से बाहर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को सामान्य कराया। हालांकि अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने छात्रों को फ्लैट खाली करने का नोटिस जारी किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज का कहना है कि सोसाइटी में रहने वाले सभी लोगों के लिए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। ऐसी घटनाएं परिवारों और बुजुर्गों की सुरक्षा और शांति को प्रभावित करती हैं। निवासियों ने मांग की है कि किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नियमित रूप से कराया जाए और सोसाइटी के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।