आईआईएलएम कॉलेज की घटना, पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली के आईआईएलएम कॉलेज के क्लासरूम में दो छात्रों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह क्लासरूम में पढ़ाई कर रहा था। तभी वैभव उससे बहस करने लगा। उसने शांत रहने को कहा। आरोप है कि इस पर वह गालीगलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। लोहे के कड़े से वार कर उसके सिर में गंभीर चोट पहुंचाई जिससे वह लहूलुहान हो गया।
पीड़ित को तत्काल शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसके सिर पर कई टांके लगाए गए। छात्र का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।