जिला अस्पताल : हड़ताल की वजह से कई मरीजों को किया रेफर
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में उत्तर प्रदेश हेल्थ सिस्टम स्ट्रेंथनिंग प्रोजेक्ट (यूपीएचएसएसपी) कर्मियों की हड़ताल आज खत्म हो सकती है। पांच दिनों से चली हड़ताल से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं। शुक्रवार को भी मेजर ऑपरेशन नहीं हो सके। वहीं, कई मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों की नाराजगी मिशन निदेशक पंकज कुमार की ओर से लिखित आश्वासन के बाद कम हुई है। जिसके चलते हड़ताल वापस लेने के लिए कर्मचारी सहमत होने लगे हैं। इस संबंध में औपचारिक घोषणा बाकी है। यूपीएचएसएसपी ने टीएनएम कंपनी से आउटसोर्सिंग से 91 कर्मचारी को विभिन्न कामों के लिए नियुक्त किया था। यह कर्मचारी स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, वार्ड ब्वॅाय, वार्ड आया, ओटी टेक्नीशियन, एक्सरे-टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन जैसे पदों पर पिछले चार सालों से कार्यरत हैं। पिछले माह शासन ने कंपनी का ठेका 30 सितंबर को समाप्त होने की बात कहकर कहीं और नौकरी ढूंढने की बात कही। जिसके बाद से स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर है।
लिखित आश्वासन मिला
संविदा नर्स डीके कुमार ने बताया कि मिशन निदेशक ने कंपनी का ठेका बढ़ाने व नई सेवा प्रदाता एजेंसी के माध्यम से सभी कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में समायोजित करने का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही एनएचएम से बजट दिलाकर वेतन के भुगतान की भी बात कही है।
मरीज परेशान
सीएमएस डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि हड़ताल से ओपीडी सहित वार्ड के मरीजों को परेशानी हुई है। मरीजों को मधुमेह, रक्तचाप, रक्त जांच, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, टीकाकरण, ईसीजी जांच नहीं होने से काफी इंतजार करना पड़ा। लेकिन उम्मीद है कि आज से हड़ताल खत्म हो जाएगी।