संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दादरी नगर की प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश घूमते रहते हैं। इस कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका परिषद के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
नगर पालिका परिषद दादरी के तहत संचालित गोशाला में गोवंश रखने की व्यवस्था है। परिषद क्षेत्र में 25 वार्ड शामिल हैं। दादरी की प्रमुख जीटी रोड, रेलवे रोड और जारचा रोड घनी आबादी वाले क्षेत्र से होकर गुजरती हैं, जहां वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। इन मार्गों पर बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश बैठे रहते हैं। रेलवे रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में बीते एक साल के दौरान सांड के हमले की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं जा रही है। गौतमबुद्धनगर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार सचान ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को गोवंश पकड़कर गोशाला पहुंचाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब दोबारा निर्देश जारी कर अधिशासी अधिकारी से जवाब तलब किया जाएगा।