बिसरख कोतवाली क्षेत्र में हादसा, बदायूं का निवासी था डिलीवरी ब्वाॅय कुलदीप
आगरा के हेमंत सागर के रूप में हुई आरोपी चालक की पहचान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी ब्वाॅय को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल डिलीवरी ब्वाॅय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी है।
मूलरूप से बदायूं के उधैती के पालिया गांव निवासी कुलदीप (35) ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी ब्वाॅय था। फिलहाल वह ग्रेनो वेस्ट में किराये के मकान में रहता था। सोमवार रात करीब 12 बजे गौड़ सिटी में डिलीवरी के बाद वह घर लौट रहा था, तभी बारिश होने लगी। इससे बचे के लिए उसने सड़क किनारे बाइक रोक दी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्काॅर्पियो कार ने फुटपाथ पर खड़े कुलदीप को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उसे बिसरख के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया।
हादसे के बाद आरोपी चालक कार को छोड़कर भाग गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कार चालक की पहचान हेमंत सागर, निवासी सिकंदरा, आगरा के रूप में हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।