यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-17 में स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी का मामला
दनकौर(संवाद)। यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-17 में स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी में बुधवार रात सुरक्षाकर्मी और विदेशी नागरिक के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव होने से सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। बाद में मेंटेनेंस विभाग ने मामला शांत कराया गया। सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि परिसर में बड़ी संख्या में अवैध पीजी संचालित हो रहे हैं, जिनमें विदेशी नागरिक भी हैं। कई बार पुलिस और यमुना प्राधिकरण से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
करीब चार दिन पहले भी सोसाइटी में रहने वाले कुछ छात्रों और केमिस्ट की दुकान वालों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। सोसाइटी में लंबे समय से अवैध रूप से चल रहे पीजी को लेकर सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी है। कई बार वे संचालाकों से उलझ चुके हैं। इसके बाद भी आए दिन ऐसे मामले आते रहते हैं। उन्होंने कहा है कि कार्रवाई नहीं होने पर किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती है।