प्रतियोगिता में 18 मंडल व दो हॉस्टलों के 200 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में प्रदेशीय स्तरीय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार से आगाज होगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारी पूरी है। इसमें भाग लेने के लिए रविवार से टीमें आनी शुरू हो गई हैं। खिलाड़ी, मैनेजर व अधिकारियों के ठहरने, खानपान व स्वास्थ्य की व्यवस्था खेल विभाग की ओर से की गई है। प्रतियोगिता में जिले के चार खिलाड़ी सचिन भाटी, जय करण, आदर्श, विनीत मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नोएडा के भंगेल स्थित नोएडा एजुकेशनल अकादमी में खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के समन्वय से सोमवार से तीन दिवसीय प्रदेशीय सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 18 मंडल व दो हॉस्टलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों के साथ 10 मैनेजर के अलावा करीब 30 अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि सब-जूनियर बालक वर्ग में प्रदेशीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी गौतमबुद्ध नगर को मिली है। इसमें कानपुर, मेरठ, आगरा, वाराणसी, इलाहाबाद, गोरखपुर, आजमगढ़, लखनऊ, सहारनपुर, बरेली, बस्ती, चित्रकूट, झांसी आयोध्या, मिर्जापुर, अलीगढ़, प्रयागराज और देवीपाटन समेत दो हॉस्टल की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से 14 का चयन आगामी राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
-
कोच व चयनकर्ता की भूमिका में होंगे जितेंद्र नागर
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मेरठ मंडल टीम के कोच व यूपी टीम के मुुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी गौतमबुद्ध नगर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र नागर को दी गई है। यह जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राजेश कुमार सिंह ने उन्हें सौंपी है।