- टी-20 प्रारूप में होंगे मुकाबले, एनसीआर के करीब 15 स्कूलों की टीमें लेंगी हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-1 स्थित कैंब्रिज स्कूल में मंगलवार से दूसरी कैंब्रिज अंडर-19 इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज होगा। टी-20 प्रारूप में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में एनसीआर के करीब 15 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट को लेकर स्कूल परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। एसएई के स्पोर्ट्स एग्जीक्यूटिव कुशांक ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। ऐसे में प्रत्येक मैच टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा और एक हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर होने का दबाव खिलाड़ियों पर रहेगा। टी-20 प्रारूप होने के कारण मुकाबलों में तेज बल्लेबाजी, आक्रामक गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण देखने को मिलने की उम्मीद है। उनका कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न स्कूलों को खेल के माध्यम से एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ खेल भावना और शारीरिक फिटनेस के महत्व को बढ़ावा देते हैं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के स्वागत और मुकाबलों के सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है।