फुटबॉल, क्रिकेट समेत आउटडोर खेलों पर रोक से खिलाड़ी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी।
नोएडा। बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते जिला खेल विभाग ने आगामी दो माह तक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर रोक लगा दी है। आउटडोर खेल गतिविधियां बंद होने से खेल मैदानों में सन्नाटा छाने लगा है। फुटबॉल, क्रिकेट और बास्केटबॉल समेत अन्य खेलों के खिलाड़ियों को अब प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ रहा है।
प्रतिबंध के चलते पहले से निर्धारित प्रतियोगिताओं को जिले से बाहर आयोजित किया जा रहा है या उनकी तारीख आगे बढ़ाई जा रही है। इसका सबसे अधिक असर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों पर पड़ रहा है। कई खिलाड़ी अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली-एनसीआर के दूसरे जिलों में जा रहे हैं। वहीं, खेल संघों ने खिलाड़ियों को इंडोर मैदान और जिम में अभ्यास करने की सलाह दी है।
खिलाड़ियों का कहना है कि प्रदूषण से बचाव के लिए नियम जरूरी हैं, लेकिन ऐसे विकल्प भी होने चाहिए, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित न हो। दूसरे जिलों में जाने से समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। खिलाड़ियों ने प्रदूषण के स्तर के अनुसार सुरक्षित समय में अभ्यास और अन्य व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।
रविवार को जिले की मैराथन रद्द हुई, जबकि उसी दिन दिल्ली में मैराथन आयोजित हुई। प्रतियोगिताओं पर रोक से खिलाड़ियों को परेशानी होती है। – अभिषेक राठौर, धावक
प्रदूषण से अभ्यास प्रभावित हो रहा है। अभ्यास जारी है, लेकिन प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ रहा है। – ललित कुमार सिंह, फुटबॉल खिलाड़ी
क्रिकेट में निरंतर अभ्यास जरूरी है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अब दिल्ली और अन्य जिलों का रुख करना पड़ रहा है। – विशाल कुमार मिश्रा, क्रिकेटर
जिला खेल अधिकारी के निर्देश पर प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गई हैं। खिलाड़ियों को इंडोर में अभ्यास की सलाह दी है। – वाजिद अली, सचिव, जिला फुटबॉल संघ