नोएडा। सेक्टर-134 स्थित जेपी कोसमॉस सोसाइटी में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स कार्निवल का आयोजन किया गया। सोसाइटी की सांस्कृतिक समिति और एओए की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल और दौड़ प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सुबह 10 बजे क्लब-15 के बेसमेंट स्थित गेम्स रूम में शतरंज प्रतियोगिता से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद क्लस्टर बी-35 पार्क में क्रिकेट और क्लस्टर बी-36 पार्क में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोपहर में दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मैजिक शो, आयु वर्ग के अनुसार विभिन्न खेल, संगीत और जलपान की व्यवस्था भी की गई। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।