बरौला निवासी 49 वर्षीय अशोक शर्मा सोमवार रात 11 बजे के आसपास किसी काम से सेक्टर-18 साइकिल से गए थे। वह देर रात कोहरे में साइकिल से ही घर लौट रहे थे। जब वह एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर 30 के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार सवार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशोक शर्मा साइकिल से उछलकर पांच मीटर दूर जाकर गिरे। साइकिल के परखच्चे उड़ गए और दो हिस्सों में बंट गई।
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पास के बिजली के खंभे से टकरा गई और खंभा भी टूट गया। इसके बाद कार डिवाइड पर चढ़ गई। इसमें अशोक शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस ने बीएमडब्ल्यू चालक मंकुल महाजन को हिरासत में ले लिया। मंकुल सेक्टर-44 के रूद्राक्ष इन्डिपेन्डेन्ट होम सोसाइटी में रहता है। पुलिस पूछताछ में मंकुल ने बताया कि घटना के वक्त वही कार चला रहा था और हादसे के बाद वह भागने का प्रयास कर रहा था। बताया जा रहा है कि रात के वक्त कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की स्पीड लिमिट घटाई गई है। वहीं जिस बीएमडब्ल्यू कार से हादसा हुआ, उसकी स्पीड अधिक थी।
कार में शराब की बोतल व सिगरेट
इस हादसे के बाद कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें कार के अंदर शराब की बोतल, सिगरेट का पैकेट रखा हुआ दिखाई दे रहा है। हादसे के वक्त चालक के शराब के नशे में होने की बात कही जा रही है। जिस समय हादसा हुआ उस समय कोहरा और धुंध भी काफी थी। आसपास के लोगों ने बताया कि चालक पीछे से ही तेज रफ्तार से आ रहा था।