कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को धर्मनगरी पहुंच सकते हैं। इस दौरान वे विशाल रैली को संबोधित करेंगे और विकास की कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी कर सकते हैं।
हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन कार्यक्रम तय मानकर तैयारी की जाने लगी है। धर्मनगरी में प्रधानमंत्री का यह तीसरा दौरा होगा और यह आयोजन भाजपा सरकार की एक साल की उपलब्धियों को दिखाने और जनता का समर्थन जानने का एक बड़ा मौका भी माना जा रहा है। पहले 15 नवंबर से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में प्रधानमंत्री को बुलाए जाने की तैयारी थी। केडीबी से लेकर प्रदेश सरकार प्रयासों में जुटी और संभावना भी बन चुकी थी लेकिन इसी बीच प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर 17 अक्तूबर को सोनीपत में प्रधानमंत्री की रैली तय होने के चलते कुरुक्षेत्र का कार्यक्रम टलने की संभावना हो गई। सोनीपत रैली रद्द होने के बाद अब फिर धर्मनगरी में प्रधानमंत्री के आने की अटकलें तेज हो गई हैं।
11 साल पहले पहुंचे थे मेला ग्राउंड : प्रधानमंत्री बनने के कुछ समय बाद ही वर्ष 2014 में मोदी धर्मनगरी पहुंचे थे। उन्होंने केडीबी के मेला ग्राउंड में संबोधित किया था और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महिलाओं को सम्मानित व प्रोत्साहित भी किया। इन कार्यक्रमों की संभावना : प्रधानमंत्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें साला शहीदी पर विशाल रैली को संबोधित कर सकते हैं। वहीं नेशनल हाईवे 44 के समीप उमरी रोड पर तीन एकड़ में प्रस्तावित सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रख सकते हैं। ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र व एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किए जाने की संभावना है।
पीएम इन वेटिंग के रूप में 2014 में गरजे थे मोदी
4 अप्रैल 2014 को पीएम इन वेटिंग के रूप में ही मोदी तत्कालीन पार्टी प्रत्याशी राजकुमार सैनी के समर्थन में पहुंचे थे। अनाज मंडी में विजय रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस, भ्रष्टाचार, टूजी, कोलगेट, नदियों को जोड़ने और विकास, पर्यटन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था और देश में 300 से ज्यादा सीटें जितवाने की अपील भी की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री बनने पर 60 माह में देश का भाग्य बदल देने के साथ धर्मनगरी को पर्यटन के रूप में विकसित किए जाने का भी एलान किया था।
सरकार व एचएसजीएमसी मिलकर कर रहे आयोजन
एचएसजीएमसी प्रधान जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहीदी पर आयोजित कार्यक्रम सरकार व कमेटी मिलकर कर रही है जिसमें प्रधानमंत्री मुख्यातिथि हो सकते हैं। इसी दौरान वे सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे।
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।- फोटो : संवाद
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।- फोटो : संवाद
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।- फोटो : संवाद