संजय प्लेस स्थित उद्यान विभाग की कार्यालय पर जांच के लिए लखनऊ से आए विशेष सचिव देवेंद्र कुशवाहा
- फोटो : samvad
आगरा। आलू बीज वितरण में धांधली की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को विशेष सचिव देवेंद्र कुशवाह टीम के साथ आगरा पहुंचे। उप निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, वितरण प्रभारी से रात 9 बजे तक पूछताछ चली। कितने किसानों को बीज बांटा गया, इस सवाल का विभागीय अधिकारी जवाब नहीं दे सके।
बीज वितरण में धांधली का अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में खुलासा किया था। इसका संज्ञान लेकर शासन ने जांच के आदेश दिए। रात 9 बजे तक जांच टीम ने उद्यान अधिकारी व कर्मचारियों से पूछताछ की। उनके बयान दर्ज किए। सूत्रों ने बताया कि जिला उद्यान अधिकारी बैजनाथ से लेकर वितरण प्रभारी संजीव यादव बीज वितरण का ब्योरा उपलब्ध नहीं करा सके। स्टॉक में करीब 300 कुंतल बीज बचा है। विशेष सचिव देवेंद्र कुशवाह ने बचे बीज को तत्काल किसानों में वितरित करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद टेढ़ी बगिया स्थित प्रकाश कोल्ड स्टोर पर बीज वितरण शुरू हो गया। शनिवार को जो बीज बांटा गया, उससे किसान नाखुश थे। बीज सड़ा हुआ है। किसानों ने आरोप लगाए कि जिला उद्यान अधिकारी बैजनाथ व वितरण प्रभारी संजीव यादव ने उनके हिस्से का सरकारी बीज कोल्ड संचालकों व बड़े आलू किसान और व्यापारियों को ब्लैक में बेच दिया है।
जिले में करीब 4300 कुंतल बीज का आवंटन हुआ था। 1300 से अधिक किसानों ने सरकारी बीज खरीदने के लिए 15 दिन पहले उद्यान विभाग में पैसे जमा कराए थे। किसी ने 27 हजार रुपये जमा कराए तो किसी ने 30 हजार रुपये। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह का कहना है कि कितने किसानों को बीज बांटा, यह ब्योरा उद्यान विभाग से मांगा गया है। वितरण का ऑडिट होगा। धांधली के आरोपों की जांच हो रही है। जो भी दोषी मिलेगा, उसके विरुद्ध शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।