शारबो में आपदा न्यूनीकरण अंतरराष्ट्रीय दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिले के शारबो में मंगलवार को आपदा न्यूनीकरण अंतरराष्ट्रीय दिवस पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडेंट होमगार्ड सुरेश चौहान ने की। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने पर चर्चा की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रशिक्षण समन्वयक सौरभ धीमान ने बताया कि किन्नौर जिले की 73 पंचायतों में आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित होंगे। जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में सांगला, सपनी, पूह, पंगी, सुंगरा, ऊरनी और रूपी समेत आठ पंचायतों को आपदा किटें प्रदान की जा रही हैं। प्रत्येक आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र में प्राथमिक उपचार किट, रस्सी, हेलमेट, तिरपाल, टॉर्च, फर्स्ट-एड सामग्री, जीवन रक्षक उपकरण और आवश्यक संचार साधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। कार्यक्रम में पंचायतों के आपदा स्वयंसेवियों को भी आपदा किटें वितरित की गईं। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि, होमगार्ड, राजस्व विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।