पति की तलाश और सवा साल के बेटे को पिता का हक दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई बीच में छोड़कर सोनिया अख्तर बांग्लादेश लौट गई है। सोनिया ने बांग्लादेश पहुंचकर फोन पर अमर उजाला संवाददाता से कहा कि उसकी वीजा अवधि पूरी हो चुकी है।
वह गैर कानूनी ढंग से कानूनी लड़ाई नहीं लड़ना चाहती। वीजा लेकर वह फिर भारत आएगी। सोनिया को अपने मासूम बेटे को बांग्लादेश ले जाने के लिए सौरभ तिवारी से लिखित अनुमति भी लेनी पड़ी है।
सोनिया पति ग्रेटर नोएडा स्थित शिवालिक होम्स निवासी सौरभ तिवारी की तलाश के लिए पहली बार एक मई 2023 को भारत आई थी। करीब एक सप्ताह तक जिले में रूककर पुलिस से शिकायत की थी। ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण वह बांग्लादेश लौट गई थी।
इसके बाद तीन अगस्त को एक बार फिर भारत आई। सोनिया ने वकील डॉ. एपी सिंह की मदद से गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अलावा, महिला आयोग, पीएम नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री से गुहार लगाई थी।