नोएडा सेक्टर-62 स्थित सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बोलते बाबा रामदेव।
चिदंबरम के बाद अब सोनिया व राहुल जाएंगे जेल : रामदेव
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित सिम्बायोसिस इंटरनेशनल नोएडा कैंपस के उद्घाटन समारोह में पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने राजनीतिक बयान देकर खलबली मचा दी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चिदंबरम के बाद जेल जाने का नंबर अब राहुल और सोनिया गांधी का है। यह भी कहा कि गांधी परिवार चाहता था कि अमित शाह जेल में ही खत्म हो जाएं। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने चिदंबरम का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में किसी को भी संविधान और कानून नहीं तोड़ने का अधिकार नहीं है। जो भी ऐसा करेगा उसे जेल की हवा खानी पड़ेगी। कार्यक्रम में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी पहुंचे।
कार्यक्रम में योग गुरु ने कहा कि चिदंबरम जब देेश के वित्तमंत्री व गृहमंत्री थे तो वे समझते थे कि सारा साम्राज्य उनका है, कानून उनकी जेब में है। उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि उन्हें खुद कानूनी कार्रवाई में फंसना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने छात्रों के साथ योग भी किया। मंदी के हालात पर बाबा रामदेव ने कहा कि देश की प्रगति, आर्थिक उन्नति एक सामूहिक जिम्मेदारी है। एग्रीकल्चर सेक्टर में तेजी लाने के लिए पीएम खेत में हल चलाने के लिए तो नहीं हैं, वे फैक्ट्री में जाकर काम तो नहीं करेंगे। कहा कि देश की एग्रीकल्चर, नेशनल ट्रेड व इंटरनेशनल ट्रेड की पॉलिसी पर सरकार ने एक सिस्टम बनाया है। इसके तहत अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता के लिए जीएसटी और नोटबंदी जैसे कदम उठाए गए हैं। जल्द ही देश इस समस्या से उबर जाएगा। कहा कि कुछ सेक्टरों में मंदी से उबरने के लिए नई नीति को लागू की जाएगी। उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचारियों से सख्ती से निपट रही है। वहीं, कार्यक्रम में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने कहा कि विश्व भर में भारत का परचम फहराया जा रहा है। हर जगह प्रधानमंत्री मोदी छाए हुए हैं।