-स्कूल में कमजोर छात्रों पर दिया जा रहा विशेष ध्यान
-कुछ स्कूलों में बोर्ड का सिलेबस है बाकी, लगा रहे अतिरिक्त कक्षाएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फरवरी में शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर स्कूलों में तैयारियां जोरों पर हैं। अधिकतर स्कूलों में बोर्ड कक्षाओं का सिलेबस पूरा हो गया है। कुछ में थोड़ा सा बचा है, जो इसी महीने में पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही रिवीजन की कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। जनवरी के पहले सप्ताह में प्री-बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी।
श्याम सिंह स्मारक कन्या इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल गीता शर्मा ने बताया कि उनके कॉलेज में सिलेबस पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। अब केवल रिवीजन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रिवीजन कक्षाओं में छात्रों को पिछले प्रश्नपत्रों और मॉडल पेपर्स के माध्यम से परीक्षा की तैयारी कराई जा रही हैं। रिवीजन की कक्षाएं छात्रों को कमजोर क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद कर रही हैं।
नवजीवन इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलेज में अधिकांश कोर्स पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ ही विषय बचे हैं, जिनका सिलेबस इस महीने के भीतर समाप्त हो जाएगा। छात्रों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी शुरू कर दी गई हैं। इन कक्षाओं का उद्देश्य छात्रों को कठिन विषयों में विशेष मार्गदर्शन देना और उनकी तैयारी को अंतिम स्तर तक पहुंचाना है। अतिरिक्त कक्षाओं और रिवीजन सत्रों का उद्देश्य केवल शैक्षणिक सुधार नहीं बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करना भी है।