छह नामजद समेत 4-5 अज्ञात पर केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जमीन खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी देने के मामले में छह नामजद के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की। खानपुर गांव कासना निवासी राकेश शर्मा ने बताया कि 2017 में कुछ लोगों ने बुलंदशहर जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र में नौ बीघा जमीन खरीदने के लिए उन्हें तैयार किया और भरोसा दिलाया कि भूमि पूरी तरह वैध है। 21 फरवरी 2017 को 56.77 लाख रुपये और 20,320 रुपये शुल्क अदा कर जमीन की रजिस्ट्री करा ली। जब उन्होंने जमीन बेचने का प्रयास किया तो पता चला कि भूमि का वास्तविक क्षेत्रफल साढ़े तीन बीघा है। तहसील में जानकारी करने पर कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। रुपये वापस मांगने और रजिस्ट्री निरस्त कराने की बात कहने पर आरोपियों ने समझौते का झांसा दिया। अप्रैल 2025 में रास्ते में उनकी गाड़ी रोककर मारपीट की गई और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, कोतवाली प्रभारी पंकज शर्मा का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।