इंडिया एक्सपो मार्ट में देश-विदेश के खरीदारों और विशेषज्ञों की जुट रही भीड़, कंपनियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया और द बैटरी शो इंडिया में एआई व रोबोटिक्स तकनीक से तैयार सोलर पैनल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कई कंपनियों के स्टॉल पर देश-विदेश से पहुंचे खरीदारों, कारोबारियों और विशेषज्ञों की भीड़ उमड़ रही है।
लोग सौर ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीक की जानकारी लेने के साथ उत्पादों की खूबियों को भी समझ रहे हैं। स्टॉल पर बढ़ती भीड़ को देखकर कंपनियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। प्रदर्शनी में नवीकरणीय ऊर्जा और बैटरी तकनीक से जुड़े कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें सोलर पैनल विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
कंपनियों के प्रतिनिधि आगंतुकों को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों और उत्पादों की उपयोगिता की जानकारी दे रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधि भी इन तकनीकों को देखने और समझने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
एक कंपनी के क्लस्टर हेड संतोष कुमार ने बताया कि सौर ऊर्जा के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों में दिलचस्पी से इस क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ रही हैं। प्रदर्शनी कंपनियों को अपने उत्पादों और तकनीक को ग्राहकों तक पहुंचाने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है। स्टॉल पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि एआई और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल सोलर पैनल के निर्माण में किया जा रहा है। इन तकनीकों से उत्पादन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और लागत कम करने में मदद मिल सकती है। इसका लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचने से सौर ऊर्जा के विकल्प अधिक किफायती बनने की संभावना है।
तकनीकों को किया जा रहा है प्रदर्शित
द बैटरी शो इंडिया में बैटरी और ऊर्जा भंडारण से संबंधित तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। दोनों प्रदर्शनियों के एक ही परिसर में आयोजन से आगंतुकों को ऊर्जा उत्पादन से लेकर उसके भंडारण तक के आधुनिक समाधानों को समझने का अवसर मिल रहा है। प्रदर्शनी में विदेशी आगंतुकों की मौजूदगी से इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिल रहा है। कंपनियों को उम्मीद है कि यहां होने वाली बातचीत से नए व्यावसायिक संपर्क बनेंगे और सौर ऊर्जा सहित स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उत्पादों के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।