एलईडी एक्सपो में सोलर एलईडी के बारे में जानकारी लेते लोग।
- फोटो : Grnoida
एडवेंचर और पिकनिक में बहुत काम आएगी सोलर एलईडी
ग्रेटर नोएडा। यदि आप एडवेंचर ट्रिप या पिकनिक पर जा रहे हैं तो सोलर एलईडी आपके बहुत काम आएगी। रात के समय जहां आपको रोशनी मिलेगी वहीं इसके साथ जुड़ा पंखा आपको गर्मी से निजात दिलाएगा। इसमें लगा ‘एफएम’ संगीत सुनाकर आपका दिल भी बहलाएगा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मॉर्ट में लगे एलईडी एक्सपो में शनिवार को ग्लो ग्रीन कंपनी ने बिजली और सौर ऊर्जा से चलने वाला उत्पाद उतारा।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक नवीन मिंडा ने बताया कि कंपनी का यह खास उत्पाद है। सौर ऊर्जा का 15 वाट का पैनल एक बार चार्ज होने पर आपको छह से सात घंटे तक रोशनी के साथ ठंडी हवा भी दिलाएगा। कंपनी ने इसकी कीमत करीब 3500 रुपये रखी है। एडवेंचर ट्रिप या पिकनिक पर जाने वालों के लिए यह बहुत उपयोगी है। नवीन ने बताया कि जिन स्थानों पर नेटवर्क उपलब्ध होगा, वहां इससे एफएम पर संगीत भी सुन सकते हैं। इसे सूर्य की रोशनी और बिजली दोनों से चार्ज किया जा सकता है। इसमें एक ट्यूब लाइट अलग से दी गई है जिसे तार की सहायता से लगाया जा सकता है।
30 रंग बदलती है रिमोट से चलने वाली एलईडी
एलईडी एक्सपो में रंगों के 30 शेड बदलने वाली एलईडी लोगों के बीच आकर्षक का केंद्र बनी हुई है। लीटोमेटिक कंपनी के निदेशक राज कोठारी ने बताया कि एलईडी लाइट के संग एक रिमोट दिया गया है, जो रंगों के शेड बदलने के साथ-साथ इसे ऑन-ऑफ करने की सुविधा भी देता है।