ग्रेटर नोएडा। स्वर्ण नगरी में घर के बाहर खड़े होने का कारण पूछने पर युवकों ने मकान मालिक और उसके चालक की पिटाई कर दी। मामले में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित अमरजीत सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को घर की बिजली खराब हो गई थी। इसे देखने के लिए वह बाहर निकले तो वहां पर दो बिजली कर्मचारी काम कर रहे थे। उनके पास ही दो युवक मिथुन और आकाश खड़े थे। खड़े होने का कारण पूछने पर युवकों से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ते ही पास के मकान से दो और युवक बाहर आ गए। इस दौरान अमरजीत सिंह का चालक रविन्द्र कुमार भी वहां पहुंच गया। चारों युवकों ने मिलकर अमरजीत सिंह और उसके चालक पर हमला कर दिया। मारपीट में अमरजीत सिंह के दाहिने हाथ की उंगली और बाएं पैर में चोट आई। जबकि उनके चालक पर धारदार हथियार से वार किया गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद हमलावर युवक भागते समय दोनों को जान से मारने की धमकी भी दे गए। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो