दनकौर (संवाद)। रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों और अन्य लोगों को गांजा बेचने का काम करता था। आरोपी की पहचान मंडपा गांव निवासी रऊफ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले कई महीनों से गांजे की तस्करी कर रहा था और स्टेशन के आसपास सक्रिय था। पूछताछ में आरोपी ने अवैध धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।