स्काईवॉक का सर्वे पूरा, निर्माण शुरू होने के लिए इंतजार
ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद प्राधिकरण शुरू करवाएगा निर्माण, डेढ़ साल में पूरा होगा काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-62 गोल चक्कर पर स्काईवॉक निर्माण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने चुनी गई एजेंसी के साथ मिलकर सर्वे पूरा कर लिया है लेकिन अभी निर्माण शुरू नहीं हो पाएगा। कारण प्रदूषण नियंत्रित करने को प्रभावी ग्रैप-3 की पाबंदिया हैं। यह पाबंदियां हटने के बाद ही निर्माण शुरू हो पाएगा।
प्रदूषण नियंत्रण और निर्माण शुरू करने की मंजूरी दिसंबर के आखिर में मिलने की उम्मीद है। काम शुरू होने के बाद परियोजना पूरी करने के लिए प्राधिकरण ने डेढ़ साल का समय तय किया है। निर्माण लागत 27 करोड़ रुपये अनुमानित है। यह गोलाकार स्काईवॉक बनाकर नेशनल हाईवे-9 (दिल्ली-मेरठ-एक्सप्रेसवे) से शहर में आने वाले वाहनों के रास्ते से जाम खत्म करने के लिए बनवाने की तैयारी है। गोल चक्कर पर पैदल यात्री बड़ी संख्या में सड़क पार करते हैं। स्काईवॉक में राहगीरों को ऊपर चढ़ने में कोई परेशानी न हो इसके लिए नोएडा की तरफ दो कोनों पर एस्केलेटर (स्वचलित सीढ़ियां) वहीं नेशनल हाईवे की तरफ के कोनों पर दो लिफ्ट लगाई जाएंगी। गोल चक्कर से आगे एनएच पर फुट ओवर ब्रिज बना है, उसे भी इस गोलाकार स्काईवॉक से जोड़ा जाएगा। धूप और बारिश में भी राहगीर आसानी से निकल सकें, इसके लिए लोहे की चद्दर भी होगी। एजेंसी का चयन प्राधिकरण अक्तूबर में कर चुका है।