नई दिल्ली। चेहरे पर मुंहासे, चेचक के दाग, अनचाहे बाल, मस्से, जले के निशान, तिल, काले दाग, त्वचा के असामान्य रंग की समस्या से परेशान मरीजों के लिए अच्छी खबर है। ऐसे में मरीजों को पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े गुरु तेग बहादुर अस्पताल में मुफ्त में अत्याधुनिक लेजर मशीन से उपचार मिल सकेगा। मरीजों की सुविधा के लिए जीटीबी अस्पताल में फ्रेक्शनल सीओ-2 लेजर मशीन स्थापित की गई है। इस की मदद से चेहरे पर मुंहासे, चेचक के दाग सहित अन्य समस्याओं का उपचार किया जा सकेगा। डॉक्टरों की माने तो इसी उपचार के लिए निजी अस्पतालों में एक सेशन के लिए तीन से आठ हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि अस्पताल यह सुविधा मुफ्त में उपलब्ध करवाएगा। अभी तक अस्पताल में आने वाले मरीजों को डॉक्टर परामर्श और दवाएं देकर भेज देते थे, लेकिन मशीन आने के बाद इस समस्या का बेहतर से उपचार किया जा सकेगा। जीटीबी के त्वचा रोग विभाग में हर साल हजारों की संख्या में मरीज आते हैं। इनमें से काफी कमी त्वचा की समस्या को लेकर शिकायत करते हैं। मशीन के आने के बाद उनका अस्पताल में ही उपचार हो सकेगा। ब्यूरो