युवाओं को प्रशिक्षण के साथ मिलेंगे रोजगार के अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर के आईटीआई में कौशल विकास केंद्र मंगलवार को शुरू हुआ। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, प्राधिकरण के एसीईओ नगेंद्र सिंह, एनईए के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने इसका उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ क्षेत्र के नौजवानों को रोजगार सुनिश्चित कराना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार योग्य बनाया जाएगा। अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके, इसके लिए भविष्य में ऐसे और भी कौशल विकास केंद्र शीघ्र खोले जाएंगे। विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र भाटिया, उपजिलाधिकारी जेवर अभय सिंह और आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे।