थाने में दी शिकायत में सोसाइटी निवासी मुदस्सिर खान ने बताया कि बुधवार रात उनका छह वर्षीय बेटा दानियाल खान, सोसाइटी परिसर में टहल रहा था। इस दौरान एक दंपति अपने कुत्ते को घुमा रहे थे। अचानक कुत्ते ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बेटे की जांघ में अपने दांत गढ़ाकर उसे लहूलुहान कर दिया। बच्चों ने घर जाकर रोते हुए इस बात की जानकारी परिजनों को दी। तुरंत बच्चे को उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद जब सोसाइटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज चेक करवाई गई तो पता चला कि टॉवर-7 में रहने वाले राहुल के कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक कुत्ते द्वारा बच्चों को काटे जाने के बाद भी राहुल और उसकी पत्नी ने बच्चे से उसका हाल तक नहीं पूछा और अपने कुत्ते को लेकर घर चले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जानकारी की जा रही है। आए दिन पालतू व लावारिस कु्त्तों द्वारा लोगों को काटकर घायल करने की घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं। वहीं डॉग पॉलिसी लागू होने पर भी संबंधित विभाग द्वारा खासा कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बता दें बीते दिनों भी ऐसा ही मामला सामने आया था जब एक सोसाइटी में टहल रही दंपती पर कुत्ते से कटवाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि मामले में एफाईआर दर्ज कर ली गई थी लेकिन कोई खास एक्शन नहीं लिया गया था। कोई ठोस कानून ना होने से ऐसे मामलों की संख्या में खासा इजाफा हो रहा है।