- विभिन्न भार वर्गों में करेंगे चुनौती पेश, राष्ट्रीय स्तर पर क्वालीफाई करने का लक्ष्य
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के छह हैपकिडो खिलाड़ियों का चयन दिल्ली स्टेट हैपकिडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी 26 जुलाई को दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित एंजल पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से परिवारों और अकादमी में उत्साह का माहौल है। सब-जूनियर बालक वर्ग में 35 किग्रा भार वर्ग से जीवज, 45 किग्रा में रेयांश, 50 किग्रा में अथर्व विश्वकर्मा और 55 किग्रा वर्ग में युगदीप सिंह ऋषि हिस्सा लेंगे। वहीं सीनियर बालक वर्ग के 75 किग्रा में हार्दिक सोलंकी और बालिका वर्ग के 25 किग्रा में आराध्या अपनी चुनौती पेश करेंगी। सभी खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एनसीआर मार्शल आर्ट अकादमी में कोच रविंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच ने बताया कि खिलाड़ी कई महीनों से नियमित अभ्यास कर रहे हैं और प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी क्वालीफाई करेंगे।