जेवर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 8 नामजद समेत 18 पर दर्ज किया था केस
माई सिटी रिपोर्टर
जेवर। कोतवाली पुलिस ने धर्मकांटा संचालक व उसके भाई पर जानलेवा हमला करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं। पीड़ित ने 8 नामजद समेत कुल 18 लोगों के खिलाफ हमला करने व जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि दयातनपुर गांव निवासी गौरव का रबूपुरा-जेवर मार्ग पर धर्मकांटा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त की सुबह 10:30 बजे वो धर्म कांटा के कार्यालय में बैठे हुए थे। तभी दो भाई धर्मेंद्र भाटी और जग्गू भाटी निवासी करौली साथियों के साथ कार व बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। सभी के पास असलहा, धारदार हथियार व डंडे थे। आरोप है कि आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर पीड़ित के साथ गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। दो आरोपियों ने अवैध हथियार निकाल लिए और करन नाम के आरोपी ने हत्या के इरादे से गोली चला दी, जिसमें वो बाल-बाल बच गए। पीड़ित का भाई अमन मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी गोली चला दी। शोर सुनकर पीड़ित पक्ष के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। पीड़ित की शिकायत पर जेवर कोतवाली पुलिस ने धर्मेंद्र व जग्गू के अलावा धर्म भाटी, सौरव, गौरव उर्फ गौरी, गौरव, अन्नू निवासी करौली व करन निवासी फरीदाबाद के अलावा 10 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि थार गाड़ी को लेकर आरोपियों और पीड़ित के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि जगवीर, सौरव, मन्नू, धर्मवीर व गौरव उर्फ गौरी और करन को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।