संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के नोटिफिकेशन में पेंशन का उल्लेख नहीं होने से नाराज सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने 29 सितंबर को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 54 पेंशनर धरने में शामिल हुए। माध्यमिक शिक्षा संघ के उपाध्यक्ष परमानंद शर्मा ने कहा कि सरकार 12 सूत्रीय मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. आरपी पाल, रुस्तम सिंह बघेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम गौतर पाल, जिला मंत्री बैजनाथ प्रसाद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने आगामी 2027 के चुनाव में सरकार को सबक सिखाने की बात कही। इसके बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया।