दाढ़ी नोचने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
- दस हजार से अधिक मोबाइल नंबरों की जांच जारी, 18 महीने बाद सांप्रदायिक हमले का मुकदमा हुआ था दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सुप्रीम कोर्ट के नोटिस पर वारदात के 18 माह बाद सांप्रदायिक हमले के मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने दस हजार से अधिक मोबाइल नंबर निकाले हैं जो वारदात के दिन तीन किमी के दायरे में सक्रिय थे। बॉटेनिकल गार्डन से महामाया के बीच में सक्रिय इन मोबाइल नंबरों का डाटा एनालिसिस कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस मामले की जांच पर प्रदेश के डीजीपी की भी नजर है। 15 जनवरी को दर्ज हुई रिपोर्ट के बाद पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है।
दिल्ली के जाकिर नगर निवासी कजीम अहमद 4 जुलाई 2021 की सुबह अलीगढ़ जाने के लिए सेक्टर-37 स्थित बॉटेनिकल गार्डन पहुंचे थे। कैब सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर बैठा लिया। चार बदमाशों ने कार लॉक कर मारपीट शुरू कर दी। पेचकस से वारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने उनकी पहचान देखकर टिप्पणी शुरू कर दी। रास्ते में कई बार उनकी दाढ़ी नोची गई। आरोप है कि बदमाशों ने पहनावे और पहचान को देखकर गाली गलौच किया। करीब 15 मिनट के बाद सेक्टर-37 से तीन किमी दूर गाड़ी से फेंक दिया गया था। उस वक्त इस मामले में नोएडा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
सुप्रीम कोर्ट के दखल देने के बाद 15 जनवरी को कोतवाली सेक्टर-39 में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब करीब 18 महीने के बाद शुरू हुई इस जांच में डंप डाटा निकालकर 10 हजार से अधिक सक्रिय मोबाइल नंबर निकाले गए हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद इस मामले की गूंज लखनऊ तक है और पुलिस मुख्यालय की तरफ से भी इस मामले का लगातार अपडेट लिया जा रहा है। नोएडा के एसीपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विशेष जांच दल में 12 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं।