भाभी को गोली मारकर युवक ने दी जान
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित हैबतपुर गांव में बृहस्पतिवार शाम एक युवक अपनी भाभी को गोली मारकर फरार हो गया। महिला को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपी देवर रमेश ने गाजियाबाद के झंडापुर गांव स्थित अपने कमरे में खुद को गोली मार ली। पुलिस फिलहाल इसे एकतरफा प्यार का मामला बता रही है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि मूलरूप से बिहार निवासी जयप्रकाश ग्रेनो वेस्ट के हैबतपुर गांव में सपरिवार किराये के मकान में रहता है। वह साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर चाय की दुकान चलाता है। बृहस्पतिवार रात पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि जयप्रकाश की पत्नी सविता (36) के पेट में किसी ने गोली मार दी है। पुलिस महिला को पहले निजी अस्पताल ले गई। बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग में भर्ती कराया गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि देवर रमेश उसे गोली मारकर फरार हो गया। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी रमेश भाभी सविता से एकतरफा प्यार करता था। इसकी जानकारी होने पर जयप्रकाश पत्नी व बच्चों के साथ हैबतपुर गांव में रहने लगा। जबकि रमेश गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित झंडापुर गांव में रहता था। रमेश बृहस्पतिवार शाम हैबतपुर गांव में सविता के पास पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि सविता के हैबतपुर में रहने को लेकर उसका झगड़ा हुआ और इसी बात पर उसने सविता के पेट में तमंचे से गोली मार दी।
गाजियाबाद पुलिस ने दी आत्महत्या की सूचना
घायल सविता को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस रमेश की तलाश में जुट गई थी। शुक्रवार सुबह लिंक रोड थाना पुलिस ने बिसरख कोतवाली पुलिस को रमेश के गोली मारकर खुदकुशी करने की जानकारी दी। अभी इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।