इकाना स्टेडियम में महिला क्रिकेट मुकाबले के दौरान शॉट खेलती मणिपुर की बल्लेबाज।
लखनऊ। अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट सीरीज के तहत रविवार को खेले गए मुकाबलों में सिक्किम, मिजोरम और मणिपुर की टीमों ने लो-स्कोरिंग मुकाबलों में जीत दर्ज की। सिक्किम ने मेघालय को आठ विकेट, मिजोरम ने नागालैंड को आठ विकेट और मणिपुर ने अरुणांचल प्रदेश को नौ विकेट से करारी मात दी।
इकाना स्टेडियम के बी ग्राउंड में खेले गए पहले मुकाबले में सिक्किम के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए मेघालय की पारी को पूरी तरह झकझोर दिया। 26 रन के योग पर टीम के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते पूरी टीम का पुलिंदा 13.2 ओवर में महज 38 रन पर बंध गया। रंगोली ने 11 व जयश्री ने 10 रन बनाए। कारोल व मार्था ने तीन-तीन विकेट झटके।
जवाब में सिक्किम ने 10.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। सारिका तमांग ने 19 और संगीता शुभ्रा ने 11 रन बनाए। इकाना स्टेडियम में दिन के दूसरे मुकाबले में नागालैंड की शुरुआत बेहद धीमी रही। मध्यक्रम से मरियानी (15) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। नागालैंड की टीम आठ विकेट खोकर 48 रन बना सकी। जेसिका व संध्या ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में मिजोरम ने 9.5 ओवर में दो विकेट खोकर जीत दर्ज की। आई सेन ने 20 व कारी ने 13 रन बनाए।
इकाना स्टेडियम में दोपहर बाद के सत्र में खेलेे गए मुकाबले में अरुणांचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 65 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज कनिका ने सबसे अधिक 31 और एन कारी ने 13 रन का योगदान दिया। बिजया ने छह रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में मणिपुर ने ठोस शुरुआत की बदौलत 12.4 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। एल प्रेना ने नाबाद 25 और तान्या ने नाबाद 21 रन बनाए। तुषाना को एक विकेट मिला।