श्याम बाबा को आमंत्रण पत्र देने पहुंचे समिति के सदस्य। स्रोत : समिति
पानीपत। लखदातार सेवा समिति की ओर से 25 अक्तूबर को श्याम शाही शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसका पहला आमंत्रणपत्र शनिवार को भोग लगाकर खाटू धाम में खाटू श्याम बाबा को अर्पित किया। संस्थापक आशू दुआ ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में इंटरनेशनल श्याम ब्रास बैंड (जबलपुर, मध्य प्रदेश) विशेष आकर्षण रहेगा, जो श्याम बाबा के दिव्य रथ के आगे चलकर वातावरण को भक्ति रस से सराबोर करेगा। यात्रा का निमंत्रण 28 फरवरी को फाल्गुन मेले के अवसर पर खाटू धाम जाकर श्याम बाबा को दिया गया था। उस समय समिति की ओर से नारियल चढ़ाकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया गया था। सुनंद शर्मा ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में देशभर से भगवानों की अद्भुत झांकियां निकाली जाएंगी जो भक्ति, कला और संस्कृति का संगम प्रस्तुत करेंगी। वैभव छाबड़ा ने बताया कि यह यात्रा श्याम प्रेमियों के लिए एकता, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बनेगी। इस अवसर पर वरुण तायल, विपिन अरोड़ा उपस्थित रहे। संवाद
श्याम बाबा को आमंत्रण पत्र देने पहुंचे समिति के सदस्य। स्रोत : समिति